मध्य प्रदेश में सियासी ड्रामा / कांग्रेस विधायक डंग का इस्तीफा

भोपाल. मध्य प्रदेश में जारी सियासी ड्रामे के बीच माना जा रहा था कि कमलनाथ सरकार ने डैमेज कंट्रोल कर लिया है, लेकिन गुरुवार को हालात फिर बदल गए। कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री कमलनाथ को भी भेजा है। सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार तक कुछ और विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। इनमें विधायक ऐंदल सिंह कंसाना, रघुराज कंसाना, रणवीर जाटव, कमलेश जाटव, बिसाहूलाल सिंह, गोपाल सिंह और विक्रम सिंह नातीराजा के नाम सियासी गलियारों में खासे चर्चा में हैं।


डंग इस समय बेंगलुरु के होटल पाम मेडोज में दो अन्य कांग्रेसी विधायक बिसाहूलाल सिंह और रघुराज कंसाना व निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा के साथ हैं। इनसे पार्टी नेताओं का संपर्क गुरुवार को भी नहीं हो सका। हालांकि हालात से निपटने के लिए कांग्रेस ने भी पलटवार की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों ने मोर्चा संभाला है।